
कांग्रेस में प्रियंका गांधी की एंट्री पर पीएम मोदी ने साधा निशाना, कुछ लोगों के लिए परिवार ही पार्टी
प्रियंका के नाम लिए बिना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बड़ा हमला बोला है।
नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की बेटी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी की कांग्रेस में एंट्री होते ही सियासी प्रतिक्रियाएं भी आने लगी है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधी परिवार पर बड़ा हमला बोला है। प्रियंका गांधी का नाम लिए बिना पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोगों के लिए परिवार ही पार्टी है। लेकिन भाजपा में पार्टी ही परिवार है। बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि सिर्फ भाजपा में ही लोकतांत्रिक सिद्धांतों का पालन होता है। भाजपा लोकशाही के लिए प्रतिबद्ध है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस मुक्त देश का मतलब कांग्रेस कल्चर से है । हमारा विरोध कांग्रेस की संस्कृति से है।
कई नेताओं ने बोला हमला
इससे पहले भाजपा के कई नेताओं ने प्रियंका को महासचिव बनाने के लिए कांग्रेस पर निशाना साधा। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि प्रियंका जी को जनरल सेक्रेटरी बनने के बाद मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। लेकिन यह पार्टी परिवारवादी है तो ऐसे में यह फैसला कोई असमान्य बात नहीं। यहां प्रियंका गांधी के लिए चुनौती वाली बात ये है कि उन्हें सिर्फ पूर्वी उत्तर प्रदेश तक सीमित भूमिका ही क्यों दी गई है?
कांग्रेस का मास्टरस्ट्रोक
बता दें कि लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस आलाकमान ने प्रियंका गांधी को पार्टी का महासचिव बनाया है। पार्टी ने प्रियंका को पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभाव सौंपा है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में सपा—बसपा गठबंधन की काट निकालते हुए प्रियंका को यह जिम्मेदारी सौंपी है। हालांकि लंबे समय से प्रियंका के सक्रिय राजनीति में आने की अटकले लगाई जा रही थी, लेकिन कांग्रेस हर बार सियासत में उनकी सीधी सक्रियता को टालती रही थी।
0 Response to "कांग्रेस में प्रियंका गांधी की एंट्री पर पीएम मोदी ने साधा निशाना, कुछ लोगों के लिए परिवार ही पार्टी"
Post a Comment