अटल प्रोग्रेस वे सड़क परियोजना का अलाइनमेंट बदलने पर किसानों की विजय यात्रा जारी
Tuesday, 10 March 2026
Comment
मुरैना। अटल प्रोग्रेस वे सड़क परियोजना को लेकर क्षेत्र के किसानों ने अपनी मांगों को लेकर विजय यात्रा निकालना शुरू कर दिया है। किसानों का कहना है कि सड़क परियोजना के नए अलाइनमेंट से उनकी उपजाऊ और कीमती जमीन प्रभावित हो रही है, इसलिए पुराने अलाइनमेंट के अनुसार ही सड़क निर्माण कराया जाए।
किसानों के अनुसार अटल प्रोग्रेस वे परियोजना चंबल क्षेत्र के विकास से जुड़ी एक महत्वपूर्ण योजना है, जिससे मुरैना, श्योपुर और भिंड जिलों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और दिल्ली-वड़ोदरा एक्सप्रेस-वे तथा अन्य प्रमुख मार्गों से जुड़ाव मिलेगा।
किसानों ने बताया कि प्रस्तावित नए रूट से उनकी उपजाऊ जमीन का बड़ा हिस्सा अधिग्रहण की जद में आ रहा है। इसी को लेकर किसान संगठनों द्वारा गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है और विजय यात्रा निकाली जा रही है।
यह विजय यात्रा पहले दिन पिपरिया, कैमरी, बावड़ी पुरा, टेटरा और गढ़सानी जैसे गांवों से होकर निकली। दूसरे दिन यात्रा स्वरूपनगर, पिपराया, केमरी, राजा का टोला और आसपास के क्षेत्रों में पहुंची, जहां ग्रामीणों ने किसानों का स्वागत किया और सभा आयोजित की गई।
किसानों का कहना है कि यदि सड़क का निर्माण पुराने अलाइनमेंट के अनुसार किया जाए तो किसानों की जमीन बचाई जा सकती है और क्षेत्र के विकास में भी बाधा नहीं आएगी। इसी मांग को लेकर किसान लगातार आंदोलन कर रहे हैं और प्रशासन से जल्द समाधान की अपेक्षा कर रहे हैं।
किसान नेताओं ने कहा कि उनकी लड़ाई किसानों की जमीन और हक की रक्षा के लिए है। जब तक उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
0 Response to "अटल प्रोग्रेस वे सड़क परियोजना का अलाइनमेंट बदलने पर किसानों की विजय यात्रा जारी"
Post a Comment