Gujarat: भाजपा के स्टार प्रचारकों में अल्पेश ठाकोर, केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी

Gujarat, BJP, Star Campaigner, Alpesh Thakor, Smriti Irani
अहमदाबाद. गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों में प्रचार के लिए भाजपा की स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी गई है। 20 स्टार प्रचारकों की इस सूची में कांग्रेस से भाजपा में आए पूर्व विधायक अल्पेश ठाकोर भी शामिल हैं। वहीं केन्द्रीय मंत्री स्मृति इरानी को भी शामिल किया गया है। उधर पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जीतू वाघाणी इस सूची में नहीं किए गए हैं।
स्टार प्रचारकों में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल के साथ-साथ मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल, पार्टी उपाध्यक्ष व भावनगर सांसद डॉ भारतीबेन शियाल, गुजरात से दोनों केन्द्रीय राज्य मंत्री-पुरषोत्तम रूपाला और मनसुख मांडविया, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष गोरधन झड़फिया, राज्य के कैबिनेट मंत्री भूपेन्द्र सिंह चुडास्मा, गणपत वसावा, कुंवरजी बावलिया, गृह राज्य मंत्री प्रदीप सिंह जाडेजा शामिल हैं। इसके साथ ही राज्यसभा सांसद नरहरि अमीन, लोकसभा सांसद जसवंतसिंह भाभोर, संगठन महासचिव भीखू दलसाणिया, पार्टी प्रवक्ता व स्थानीय निकाय चुनाव के राज्य प्रभारी आई के जाडेजा, पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शंभूनाथ टुंडिया, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ ज्योतिबेन पंड्या, पूर्व मंत्री रणछोड़ रबारी शामिल हैं।
पूर्व विधायक अल्पेश ठाकोर पार्टी में उतने सक्रिय नहीं दिखाई देते हैं। फिर भी पार्टी ने उन्हें स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया है। उधर पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जीतू वाघाणी इस सूची में शामिल नहीं हैं। पिछली बार उनके नेतृत्व में स्थानीय निकाय चुनाव लड़े गए थे।
राज्य में 21 फरवरी को छह महानगरपालिकाओं-अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, वडोदरा, जामनगर व भावनगर- में चुनाव होने हैं वहीं 28 फरवरी को 81 नगरपालिका, 31 जिला पंचायत व 231 तहसील पंचायत में चुनाव होंगे।
Comments
Post a comment