
कांग्रेस सरकार के पतन के 100 दिन / इधर भाजपा सरकार की मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी, उधर कांग्रेस मनाएगी काला दिवस
- कांग्रेस सरकार गिरने के 100 दिन 30 जून को हो रहे हैं। इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में काला दिवस मनाएंगे
भोपाल. 30 जून को मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार के पतन के 100 दिन पूरे हो जाएंगे। भाजपा सरकार द्वारा मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी की जा रही है तो वहीं, कांग्रेस इस दिन को काला दिन के रूप में मनाने की तैयारी कर रही है। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीसी शर्मा ने कहा है कि भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या करते सत्ता हथियाई है। कांग्रेस सरकार गिरने के 100 दिन 30 जून को हो रहे हैं। इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में काला दिवस मनाएंगे।
उल्लेखनीय है कि इसी साल 20 मार्च को मुख्यमंत्री कमलनाथ ने विधानसभा में बहुमत साबित करने से पहले इस्तीफा दे दिया था। कमलनाथ के इस्तीफे के बाद 23 मार्च को चौथी बार शिवराज सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद पूरे देश में कोरोनावायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन लगा दिया गया।
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने 15 माह में जो कार्य किए हैं वे भाजपा की शिवराज सरकार के 15 वर्ष पर भारी पड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि 30 जून को शिवराज सरकार के 100 दिन पूरे हो रहे हैं। इन 100 दिनों में सबसे महंगा पेट्रोल व डीजल प्रदेश में बिक रहा है। देश में सबसे ज्यादा महंगे बिजली बिल प्रदेश की जनता को भरना पड़ रहा है। महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। प्रदेश का विकास ठप पड़ गया है। जिसके विरोध स्वरूप पूरे जिले में 30 जून को कांग्रेस पार्टी काला दिवस मनाते हुए मुख्यमंत्री का पुतला दहन करेगी।
0 Response to "कांग्रेस सरकार के पतन के 100 दिन / इधर भाजपा सरकार की मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी, उधर कांग्रेस मनाएगी काला दिवस"
Post a Comment